पार्ट-1 में जो रह गया, वह अब पार्ट 2 में होगा
एनसीईआरटी ने कहा, "खंड 2 'समाज की खोज: भारत और उससे आगे', सितंबर-अक्तूबर 2025 में जारी होने की उम्मीद है। हाल ही में जारी कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक खंड 1 में, एनसीईआरटी ने 'क्षेत्रीय प्रतिरोध आंदोलन' के संदर्भों को हटा दिया था, जो अब पाठ्यपुस्तक के भाग 2 में उपलब्ध होगा।
एनसीईआरटी के अपडेट के अनुसार, दूसरा खंड विकास के अंतिम चरण में है और सितंबर और अक्तूबर 2025 में जारी किया जाएगा। कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक भाग 2 में 'क्षेत्रीय प्रतिरोध आंदोलन और सशस्त्र विद्रोह' से संबंधित विषय शामिल होंगे।
'समाज की खोज: भारत और उससे आगे' भाग 2 में पाइका विद्रोह, ओडिशा का खुर्दा विद्रोह, कूका आंदोलन, पंजाब में सिखों का विद्रोह आदि विषय शामिल होंगे।
पार्ट में 1 में क्या-क्या शामिल?
एनसीईआरटी की कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक खंड 1 में अकबर के शासन को 'क्रूरता और सहिष्णुता' का मिश्रण, बाबर को एक 'क्रूर विजेता' और औरंगज़ेब को एक 'सैन्य शासक' बताया गया है, जिसने गैर-मुसलमानों पर फिर से कर लगा दिए थे। एनसीईआरटी के नए पाठ्यक्रम में छात्रों को दिल्ली सल्तनत, मुगलों, मराठों और औपनिवेशिक काल के बारे में जानकारी दी गई है।
हालांकि, पहले इन विषयों के कुछ संस्करण कक्षा 7 में शामिल किए गए थे, जिन्हें अब स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफएसई) 2023 और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की सिफारिशों के अनुरूप पूरी तरह से कक्षा 8 में स्थानांतरित कर दिया गया है।