तमिलनाडु के कुछ जिलों में भारी बारिश के कारण मंगलवार 1 नवंबर को स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, नागपट्टिनम, तिरुवरुर और मयिलादुथुराई जिलों के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। तिरुवन्नामलाई में, चेय्यार, वंदवसी, चेटपेट और वेम्बक्कम तालुकों में स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया था।
अगले कुछ दिनों और होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में राज्य में और चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवन्नामलाई और अन्य जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। पुडुचेरी, कराईकल के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है।
बाढ़ निगरानी कैमरे लगाए गए
ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और कहा कि केके नगर-राजमन्नार सलाई और गणेशपुरम जैसे सब वे में तैयारी के उपायों और जल निकासी कार्य को देखते हुए बारिश के पानी का ठहराव नहीं था। बाढ़ की चपेट में आने वाले इलाकों में अधिकारियों द्वारा बाढ़ निगरानी कैमरे लगाए गए हैं। कुछ क्षेत्रों में तूफान-जल निकासी के बुनियादी ढांचे में सुधार का काम पूरा हो गया है और यह शहर के अन्य हिस्सों में जारी है।
लोगों के सामने आवागमन की समस्या
पहले से तल रही चेन्नई मेट्रोरेल फेज-2 परियोजना के चलते सड़कों के कई हिस्सों में बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। हालांकि इस तरह की चीजों ने पहले से ही यातायात और भीड़ को बढ़ा दिया है। बारिश और जलभराव लोगों के सामने एक नई समस्या बन गई है।
नगर-निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने आज सचिवालय में शीर्ष अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। जिसमें मानसून संबंधी एहतियाती उपायों की समीक्षा की जाएगी। तमिलनाडु में 29 अक्तूबर को पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू हुई। नगर निगम, चेन्नई ने हेल्पलाइन नंबर- 1913 और कंट्रोल रूम लैंडलाइन नंबर- 044-25619206, 044-25619207 और 044-25619208 जारी किए हैं।