School Closed: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 18 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने यह आदेश जारी किया है। हालांकि, स्कूल का पूरा स्टाफ विद्यालय में उपस्थित रहेगा और सभी कर्मचारी अपने कार्यालयों और विभागों से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करेंगे।
18 जनवरी तक बंद रहेंगे 8वीं तक के स्कूल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले में सर्दी के चलते कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बोर्ड से संबंद्ध स्कूलों को 18 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। सभी स्कूलों काे आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा। आदेश का पालन नहीं होने पर स्कूल कार्रवाई के दायरे में आएंगे। इससे पहले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों को 11 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए थे।
यह आदेश सभी स्कूलों पर होगा लागू
यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। सीबीएसई, आइसीएसई, वित्त विहीन, शासकीय और अशासकीय स्कूल भी इस आदेश के दायरे में रहेंगे।
ठंड बढ़ने की आशंका
मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है, जिसमें दिल्ली और एनसीआर भी शामिल हैं। इसके साथ ही धुंध और मध्यम कोहरे के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने ठंड बढ़ने की आशंका जताई है, जिसके कारण गाजियाबाद प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
Delhi NCR School Closed: दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के कारण स्कूल बंद
दिल्ली सरकार ने 1 जनवरी से 15 जनवरी 2025 तक सभी सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। इस आदेश के अनुसार, कक्षाएं 16 जनवरी 2025 को पुनः शुरू होंगी।
Noida School Holidays: नोएडा के स्कूल बंद
नोएडा में कक्षा 8 तक के स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। लखनऊ के स्कूल भी 14 जनवरी 2025 तक बंद रहेंगे। कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जाएंगे। आगरा और मथुरा में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 14 जनवरी, 2025 तक बंद रहेंगे।