दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलिजिऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) के 26 सेंटरों के लिए पहली कटऑफ जारी हो गई है। इस वर्ष डीयू की तर्ज पर पहली बार एनसीवेब में बीए प्रोग्राम के दाखिले सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन के तहत होंगे और इसी मुताबिक ही कटऑफ जारी हुई है। हालांकि, बीकॉम पाठ्यक्रम के दाखिले में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीए प्रोग्राम की सामान्य श्रेणी की पहली कटऑफ में हंसराज और मिरांडा हाउस कॉलेजों को छोड़कर अन्य सभी में 1 से 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बीए प्रोग्राम (इकोनॉमिक्स-पॉलिटिकल साइंस) में हंसराज और मिरांडा हाउस में सबसे ज्यादा 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
इस वर्ष एनसीवेब में भी डीयू की तरह ही ह्यूमेनिटीज पाठ्यक्रमों की ओर विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। इसलिए इस बार बीए प्रोग्राम पाठ्यक्रमों में सभी कॉलेजों में कटऑफ का प्रतिशत बढ़ा है। बीए प्रोग्राम पाठ्यक्रम को सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन के तहत 14 भागों में विभाजित किया गया है। इनमें इकोनॉमिक्स व पॉलिटिकल साइंस, इतिहास व पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स और संस्कृत, इतिहास तथा संस्कृत, पॉलिटिकल साइंस व संस्कृत, इकोनॉमिक्स व ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेकेट्रियल प्रैक्टिस, ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेकेट्रियल प्रैक्टिस व पॉलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स तथा पंजाबी, हिस्ट्री और पंजाबी, पॉलिटिकल साइंस व पंजाबी, इकोनॉमिक्स तथा मैथमेटिक्स, हिस्ट्री और मैथमेटिक्स, पॉलिटिकल साइंस व मैथमेटिक्स शामिल हैं।
इस वर्ष बीए प्रोग्राम इकोनॉमिक्स व राजनीतिक विज्ञान के संयोजन की ओर छात्राओं का सबसे ज्यादा रुझान रहा है, जिस कारण इस कोर्स की कटऑफ सबसे ज्यादा रही है। इतिहास व राजनीतिक विज्ञान की कटऑफ दूसरे स्थान पर है। इन कोर्स के लिए जारी हुई सामान्य श्रेणी की कटऑफ में 2 से 6 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों की सामान्य श्रेणी की कटऑफ 73 और 74 प्रतिशत रही है।
बीकॉम पाठ्यक्रम में इस वर्ष रामानुजन कॉलेज की कटऑफ में सबसे ज्यादा 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 82 प्रतिशत पर सामान्य श्रेणी की पहली कटऑफ जारी हुई है। श्री गुरू गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स की कटऑफ 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 80 प्रतिशत पर जारी हुई है। इसके साथ ही जीसस एंड मैरी कॉलेज और मैत्री कॉलेज में 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ कटऑफ 79 प्रतिशत पर जारी हुई है। मोतीलाल नेहरू कॉलेज में सबसे ज्यादा 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ कटऑफ 75 प्रतिशत पर जारी हुई, जबकि अन्य कॉलेजों में पहली कटऑफ 77 और 78 प्रतिशत पर जारी हुई है। एनसीवेब की पहली कटऑफ के तहत 15, 16 और 17 जुलाई की सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक दाखिले होंगे।
एनसीवेब की पहली कटऑफ लिस्ट (सामान्य श्रेणी)
सेंटर बीए प्रोग्राम (इकोनॉमिक्स-पोल साइंस) बीकॉम
हंसराज कॉलेज 85 85
लक्ष्मबाई कॉलेज 77 78
कालिंदी कॉलेज 77 78
एसपीएम कॉलेज 77 78
जीसस एंड मैरी 77 79
मैत्रेयी कॉलेज 77 79
विवेकानंद कॉलेज 77 78
महाराजा अग्रसेन 77 78
माता सुंदरी कॉलेज 77 78
भारती कॉलेज 77 78
श्री गुरु गोबिंद सिंह 77 80
पीजीडीएवी कॉलेज 77 78
अदिति महाविद्यालय 73 77
आर्यभट्ट कॉलेज 77 78
भागिनी निवेदिता 73 77
सीवीएस 77 78
डॉ भीमराव अंबेडकर 77 78
केशव महाविद्यालय 77 78
मिरांडा हाउस 85 85
राजधानी कॉलेज 77 78
रामानुजन कॉलेज 80 82
सत्यवती कॉलेज(ईवनिंग) 77 78
श्री अरबिंदो कॉलेज 77 78
दीन दयाल उपाध्याय 77 78
जानकी देवी मेमोरियल 77 78
मोतीलाल नेहरू कॉलेज 77 75