दिल्ली विश्वविद्यालय में विदेशी विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2021-22 में यूजी-पीजी, एमफिल, पीएचडी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिले शुरू होने जा रहे हैं। विदेशी विद्यार्थी विभिन्न कोर्स में ऑनलाइन पंजीकरण अप्रैल के पहले सप्ताह से दाखिला पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगे।
खास बात यह है कि यूजी-पीजी, एमएमफिल-पीएचडी आदि के आवेदन के लिए एक ही कॉमन फॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकेगा। प्रशासन ने दाखिले से जुड़ी गाइड लाइन तैयार कर ली हैं।
स्नातकोत्तर कोर्स के लिए 29 जून तक कर सकेंगे आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत विदेशी छात्र-छात्राएं एमबीए, पीजी, यूजी, पीएचडी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कराकर दाखिला फॉर्म भर सकते हैं।
अलग-अलग स्तर के कोर्स के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि अलग-अलग हैं। इस बार यह आवेदन प्रक्रिया जल्दी समाप्त की जाएगी। देर तक प्रक्रिया जारी रहने से बाद में विदेशी विद्यार्थी दाखिला कहीं और ले लेते हैं।
डीयू डिप्टी डीन (विदेशी छात्र) डॉ. अमरजीव लोचन ने बताया कि दाखिले के लिए गाइड लाइन तैयार कर ली गई हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह से दाखिला पोर्टल काम करना शुरू कर देगा। स्नातक कोर्स (यूजी) में आवेदन की अंतिम तिथि 17 मई है, स्नातकोत्तर कोर्स (पीजी) में आवेदन 29 जून तक किया जा सकेगा।
फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडी (एफएमएस) में एमबीए व पीएचडी में आवेदन 9 अप्रैल तक किया जा सकेगा। सामान्य एमफिल व पीएचडी के लिए आवेदन 20 जुलाई तक किए जा सकेंगे। एक साल के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा व एडवांस डिप्लोमा में आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तय की गई है।
उन्होंने बताया कि स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के यूजी व पीजी कोर्स के लिए 29 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। पहले की तरह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। फीस और दस्तावेज भी ऑनलाइन ही जमा कराने होंगे।
अब तक छात्रों को फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरकर डाक से भेजना होता था, लेकिन इस बार उन्हें डाक से नहीं भेजना पड़ेगा और वह सीधे फॉर्म को भर सकेंगे। टूरिस्ट वीजा व एक्स वीजा पर छात्रों को दाखिले की मंजूरी नहीं मिलेगी। डीयू में विदेशी छात्रों का पांच फीसदी कोटा होता है। बीते साल लगभग 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया था।