क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा:
'सीबीएसई अध्यक्ष - ट्रांसफर।
सीबीएसई सचिव - ट्रांसफर।
एक-सदस्यीय जांच समिति गठित।
असली जिम्मेदार, धर्मेंद्र प्रधान - सुरक्षित।'
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों को हटाकर मंत्री को बचाया गया है। राहुल गांधी ने कहा, 'यह जवाबदेही नहीं, यह कवर-अप है।'
शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग
कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी मांग पहले की तरह अब भी कायम है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए और पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की 'एक महीने पुरानी अधूरी फाइल' को चुपचाप बंद करने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को '18.5 लाख सीबीएसई छात्रों की परवाह होती' तो शिक्षा मंत्री को पहले ही हटा दिया गया होता।

ओएसएम सिस्टम को लेकर बढ़ा विवाद
दरअसल, हाल ही में केंद्र सरकार ने सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम से जुड़ी सेवाओं की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति बनाई है। इस समिति की अध्यक्षता कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन (Capacity Building Commission) की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान को सौंपी गई है। समिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपनी है।