देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कोरोना की दूसरी लहर की वजह से एक बार फिर से स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हो गए हैं और परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। कोरोना की वजह से बोर्ड के साथ ही यूनिवर्सिटी परीक्षाएं भी स्थगित हुई हैं। अब पुडुचेरी यूनिवर्सिटी ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में 19 अप्रैल से होने वाली सभी व्यावहारिक और सिद्धांत परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डी लजार का कहना है कि केंद्र शासित प्रदेश में महामारी की स्थिति के कारण परीक्षाएं टाल दी गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की नई तारीखों के बारे में जानकारी बाद में दी जाएगी। आपको बता दें कि कई सूबों में कोरोना की वजह से बोर्ड और यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। यूपी में भी बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की परीक्षाओं को भी रद्द कर दिया गया है। बात अगर पुडुचेरी की करें तो यहां शुक्रवार तक 531 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। कोरोना संक्रमण के कुल मामले इस केंद्र शासित प्रदेश में 46,393 पहुंच गए हैं। ऐसे में यूनिवर्सिटी परीक्षाओं को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।