भविष्य को लेकर छात्रों के मन में चल रही होंगी कई बातें
उन्होंने कहा, "आप सभी आज यहां एकत्रित हुए हैं, लेकिन आपके दिलों में कुछ न कुछ जरूर चल रहा होगा। मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं, लेकिन कुछ न कुछ तो जरूर चल रहा होगा। कुछ लोग अपने भविष्य के बारे में सोच रहे होंगे, कुछ अपनी तनख्वाह के बारे में, कुछ नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी कर रहे होंगे, कुछ स्टार्टअप शुरू करने के बारे में सोच रहे होंगे।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "हर किसी का अपना अलग रास्ता और सपने होते हैं, लेकिन एक भावना तो सभी में समान होनी चाहिए - आईआईटी दिल्ली में अपना पहला दिन और आज का दिन। ओरिएंटेशन से लेकर दीक्षांत समारोह तक की अपनी यात्रा से आप सभी संतुष्ट महसूस कर रहे होंगे। आप सभी को इस पल को संजो कर रखना चाहिए।"
दोस्तों और शिक्षकों के योगदान को हमेशा याद रखें: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने स्नातक छात्रों से कहा कि उन्हें आईआईटी दिल्ली में पढ़ाई के दौरान साथ देने वाले दोस्तों, शिक्षकों और कर्मचारियों को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये लोग उनके सफर का अहम हिस्सा रहे हैं और भविष्य में जब छात्र पीछे मुड़कर देखेंगे, तो उन्हें कैंपस के साथ-साथ इन लोगों की भी याद आएगी। पीएम मोदी ने सभी के प्रति आभार जताने की बात कही।
समारोह के दौरान पीएम मोदी ने आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में ‘परम प्रज्ञा’ नाम की एआई आधारित हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया। इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, एडवांस कंप्यूटिंग और रिसर्च के क्षेत्र में आईआईटी दिल्ली की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।