एक छात्र ने सवाल किया कि AI को कक्षाओं में किस प्रकार से एकीकृत किया जा सकता है ताकि यह शिक्षकों की मदद करे, बिना मानव संपर्क को बदले? इस सवाल का जवाब देते हुए राधिका गुप्ता ने कहा, "मुझे लगता है कि एक शिक्षक का रोल ज्ञान और अनुभव प्रदान करना है। उदाहरण के तौर पर, अगर एक अंग्रेजी शिक्षक आपको कुछ सही तरीके से लिखने की जानकारी देना चाहते हैं, तो वे AI का उपयोग करके क्लास में कुछ अच्छे उदाहरण दिखा सकते हैं।
यदि शिक्षक आपको यह सिखाना चाहते हैं कि कैसे विश्लेषण करें, तो वे किसी संघर्ष के उदाहरण के माध्यम से जैसे दो देशों के बीच युद्ध, AI की मदद से प्रत्येक देश के दृष्टिकोण को दिखा सकते हैं। यह AI का अच्छा उपयोग है। शिक्षक गाइड की भूमिका निभाता है और दिशा-निर्देश देता है, जबकि AI सहायक के रूप में काम करता है।"
टेक्नोलॉजी का सही उपयोग क्या है?
तीसरे एपिसोड के दौरान होस्ट ने टेक्निकल गुरुजी के नाम से मशहूर यूट्यूबर गौरव चौधरी से सवाल पूछा कि "टेक्नोलॉजी का सही उपयोग क्या है?" इस पर गौरव चौधरी ने जवाब दिया, "हमें पूरी तरह से टेक्नोलॉजी पर निर्भर नहीं होना चाहिए। यह हमारी मदद कर सकती है, लेकिन हमें यह समझना चाहिए कि हर समय और हर स्थिति में हमें खुद की सोच और समझ का भी इस्तेमाल करना चाहिए।"
टेक्निकल गुरुजी ने कहा कि टेक्नोलॉजी ने हमारी जिंदगी आसान बना दी है। समय के साथ हमारी निर्भरता तकनीक पर बढ़ती गई है। मुझे निजी तौर पर यह बात पसंद नहीं है, AI हमारी रचनात्मकता को प्रभावित कर रहा है। हमें वास्तविकता में जीवन का आनंद लेने के लिए तकनीक को किनारे कर देना चाहिए।
गौरव चौधरी ने बताया AI से जुड़े खेल खेलने का तरीका
इस एपिसोड में गौरव चौधरी (टेक्निकल गुरुजी) ने छात्रों को AI से जुड़े खेलों के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को सुझाव दिया कि वे घर पर भी AI का उपयोग करके अपने समय का सदुपयोग कर सकते हैं। गौरव ने बताया कि वे AI को विभिन्न प्रकार के निर्देश दे सकते हैं और इससे वे न केवल मनोरंजन कर सकते हैं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को भी मजेदार बना सकते हैं।
परीक्षा के तनाव को कैसे प्रबंधित करें?
गौरव चौधरी ने छात्रों को परीक्षा की तैयारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा, "छात्रों को अपनी तैयारी को व्यवस्थित करने के लिए एक टू-डू लिस्ट बनानी चाहिए और अपनी प्रगति पर ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा, कभी-कभी मनोरंजन के लिए तकनीक का उपयोग करना भी जरूरी है।"
पाठ्यक्रम को छोटे हिस्सों में विभाजित करें- राधिका का सुझाव
राधिका गुप्ता ने छात्रों को सलाह दी कि वे यदि किसी बड़े विषय या पाठ्यक्रम का सामना कर रहे हैं, तो उसे छोटे मॉड्यूल में विभाजित करें, ताकि उसे आसानी से समझा और याद किया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि "अगर आपके पास गणित या इतिहास जैसे बड़े पाठ्यक्रम हैं, तो तकनीक का उपयोग करके उन्हें छोटे हिस्सों में बांट सकते हैं।" उन्होंने यह भी बताया कि आजकल के बच्चे अत्यधिक भाग्यशाली हैं, क्योंकि वे तकनीक का उपयोग कर के अपनी पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकते हैं, जबकि हम पहले बिना तकनीक के बहुत मेहनत करते थे।
छात्रों का अनुभव और सिखे गए पाठ
होस्ट ने छात्रों से एक शब्द में यह बताने के लिए कहा कि उन्होंने इस सत्र से क्या सीखा। एक छात्र ने कहा, "हमने सीखा कि हमें अच्छी नींद लेनी चाहिए।" दूसरे छात्र ने कहा, "मैंने सीखा कि तकनीक को जीवन के सभी क्षेत्रों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।" वहीं, एक अन्य छात्र ने कहा, "मैंने सीखा कि AI के अपने फायदे और नुकसान होते हैं," और एक छात्र ने यह कहा, "हमने सीखा कि हमें अपने फैसले खुद लेने चाहिए।"
परीक्षा पे चर्चा के दो एपिसोड पूरे
पहले एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने सुंदर नर्सरी में छात्रों के साथ संवाद किया। वहीं, दूसरे एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने छात्रों के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
यहां देखें पूरा एपिसोड