हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बाबा गुलाम शाह विश्वविद्यालय राजौरी (जम्मू), राजस्थान विश्वविद्यालय समेत 18 विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर व शोध पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन 14 केंद्रीय विश्वविद्यालयों और चार राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 में दाखिला केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2020 (सीयूसीईटी) की मैरिट के आधार पर होगा। इच्छुक छात्र 11 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ के मुताबिक, इन सभी 18 केंद्रीय व राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर और रिसर्च प्रोग्राम में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय आयोजित करेगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2020 (सीयूसीईटी) में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा। डिग्री प्रोग्राम के अंतिम वर्ष और 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहे छात्र भी इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि दाखिला उनके रिजल्ट जारी होने के बाद ही मिलेगा। रिसर्च प्रोग्राम में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले को ऑफलाइन आयोजित की जाएगी। सीयूसीईटी 2020 के लिए एडमिट कार्ड 18 मई को जारी होंगे। स्नातक और स्नातकोत्तर की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 30 व 31 मई को होगी। इसके अलावा शोध पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 6 और 7 जून को होगी। इन सभी संयुक्त प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम 26 जून को जारी होगा। छात्र इस संदर्भ में अधिक जानकारी
www.cucetexam.in पर देख सकते हैं।