ओडिशा राज्य बोर्ड ने सूबे में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के स्कूलों को फिर से बंद कर दिया है। बोर्ड ने अगले आदेश तक सभी स्कूलों को शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करने की अनुमति दी है। सूबे के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 30 अप्रैल तक ऑफलाइन कक्षाओं का आयोजन नहीं होगा। इस दौरान सभी स्कूल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे। यह निर्णय सूबे में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए लिया गया है।
इसे भी पढ़ें- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: 10वीं-12वीं के सैंपल पेपर जारी, यहां से करें डाउनलोड
छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में रह रहे विद्यार्थियों को घर लौटने के लिए कहा गया है। हालांकि, कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दसवीं और बारहवीं कक्षा की ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होती रहेंगी। बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर दसवीं और बारहवीं कक्षा की ऑफलाइन कक्षाओं को पहले की तरह सुचारू रखा गया है। शिक्षा बोर्ड ने भी ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन के लिए नियम जारी किए हैं। जिसके मुताबिक, विद्यार्थी, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को अनिवार्य तौर पर मास्क पहनना होगा एवं सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना होगा और समय-समय पर साबून से सही से हाथ धोने होंगे। सूबे के जो छात्र हॉस्टल्स में रह रहे हैं, उनको साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखना होगा। इन विद्यार्थियों को वॉशरूम, मेस और अन्य जगह भीड़ से बचना होगा। बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए 8 जनवरी से स्कूलों को फिर से खोल दिया था। वहीं, अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए कॉलेज और विश्वविद्यालयों को फिर से 11 जनवरी से खोला गया था।