फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

27 दिसंबर से शुरू होगी नर्सरी एडमिशन प्रक्रिया, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए दिशानिर्देश

Wed, 20 Dec 2017 09:19 AM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी में दाखिले के लिए शिक्षा निदेशालय ने गाइडलाइंस जारी कर दी है। दिशा निर्देशों के मुताबिक, सामान्य ( ओपन सीट) सीटों पर दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत 27 दिसंबर 2017 से होगी। अब तक कयास लगाए जा रहे थे कि यह प्रक्रिया जनवरी में शुरू होगी।
विज्ञापन


आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी 2018 तय की गई है। फिलहाल सामान्य वर्ग के लिए गाइडलाइंस जारी की गई है। गरीब कोटे के लिए अलग से इसे जारी किया जाएगा।  निजी स्कूलों को दाखिले के लिए क्राइटेरिया बनाने की छूट दी गई है लेकिन, स्कूलों को प्रत्येक बच्चे की जानकारी प्राप्त अंकों के साथ वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। शिक्षा निदेशक सौम्या गुप्ता की ओर से जारी गाइडलाइंस में साफ कर दिया गया है कि शेड्यूल में प्राइवेट स्कूल बदलाव नहीं कर सकते हैं।

वह अंतिम तिथि तक दाखिला फॉर्म उपलब्ध कराएं। निदेशालय ने दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। दाखिला प्रक्रिया 27 दिसंबर से शुरू होगी। स्कूलों को 31 मार्च तक इसे संपन्न करना होगा। स्कूलों को यह अधिकार दिया गया है कि वह सिबलिंग, नेबरहुड, एलुमिनी, सिंगल पैरेंटस या अपने मुताबिक मानक का निर्धारण कर सकते हैं। स्कूलों को साफ किया गया है कि वह जो भी मानक तय करें वह भेदभाव रहित व पारदर्शी होने चाहिए।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- नर्सरी दाखिला: रिस्क नहीं लेना चाहते अभिभावक

अगर ड्रॉ की जरूरत पड़े तो उसे अभिभावकों के मौजूदगी में ही कराया जाए।  स्कूलों को एडमिशन शेड्यूल की जानकारी, कुल सीटों की संख्या, मानकों के लिए निर्धारित किए गए अंक अपने नोटिस बोर्ड, वेबसाइट व फ्लैक्स बोर्ड पर देनी होगी। निदेशालय को भी यह जानकारी 26 दिसंबर तक भेजनी होगी। निदेशालय ने स्कूलों को स्पष्ट किया है कि प्रवेश स्तर पर सीटों की संख्या बीते तीन सालों के दौरान सीटों की संख्या से कम नहीं होनी चाहिए।

नर्सरी दाखिले का शेड्यूल 

nursery admission
27 दिसंबर: दाखिले के लिए फॉर्म मिलने शुरू होंगे
17 जनवरी : फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 
1 फरवरी: वेबसाइट पर आवेदन करने वालों की सूची 
08 फरवरी : सभी बच्चों की अंकों के मुताबिक सूची 
15 फरवरी : पहली सूची (प्रतीक्षा सूची के साथ) 
16-20 फरवरी: सूची को लेकर अभिभावकों की समस्या का समाधान 
28 फरवरी : दूसरी सूची (प्रतीक्षा सूची के साथ) 
1-3 मार्च : सूची को लेकर अभिभावकों की समस्या का समाधान 
15 मार्च : यदि अन्य कोई सूची जारी करनी हो 
31 मार्च : दाखिला प्रक्रिया समाप्त करने की तिथि 

अंकों के साथ जारी करनी होगी सूची 
प्राइवेट स्कूलों को आवेदन करने वाले बच्चों की सूची जारी करनी होगी। साथ ही आवेदकों को किस मानक के लिए कितने अंक मिले इसकी सूची भी जारी करनी होगी। प्रतीक्षा सूची में किस आवेदक को किस मानक में कितने अंक मिले यह भी बताना होगा। आर्थिक पिछड़े वर्ग व वंचित वर्ग के दाखिलों के लिए अलग से प्रक्रिया होगी। जल्द ही अलग से घोषणा की जाएगी। 
विज्ञापन

गाइडलाइंस के प्रमुख बिंदु 

1. स्कूल फॉर्म के लिए केवल 25 रुपये वसूलेंगे। 
2. स्कूल का प्रोस्पेक्टस खरीदना अनिवार्य नहीं है 
3. स्कूल अभिभावकों से कैपिटेशन फीस या डोनेशन नहीं वसूल सकते। 
4. प्री स्कूल के लिए आयु 31 मार्च तक चार वर्ष से कम होनी चाहिए 
5. प्री-प्राइमरी के लिए आयु 31 मार्च तक पांच वर्ष से कम होनी चाहिए 
6. पहली कक्षा के लिए 31 मार्च तक आयु 6 वर्ष से कम होनी चाहिए 

आवास पते के रूप में यह दस्तावेज होंगे मान्य 
1. अभिभावक के नाम का राशन कार्ड 
2. बच्चे व अभिभावक के नाम का डोमोसाइल प्रमाणपत्र 
3. अभिभावक का वोटर आईडी कार्ड 
4. बिजली का बिल, टेलीफोन का बिल, पानी का बिल 
5. माता या पिता के नाम का आधार कार्ड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें