जेईई मेन परीक्षा के लिए एनटीए कल प्रवेश पत्र जारी कर सकता है। हालांकि, अभी एनटीए की तरफ से इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन माना जा रहा है कि जेईई मेन परीक्षा का प्रवेश पत्र 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन जारी हो सकता है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कल आधिकारिक वेबसाइट पर जेईई मेन 2020 के एडमिट कार्ड जारी कर सकता है।
जेईई मेन की परीक्षाएं 1 सितंबर से 6 सितंबर तक आयोजित होनी है। जेईई मेन परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जारी हो सकता है। गौरतलब है कि जेईई मेन परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड ले जाने अनिवार्य होता है। बिना प्रवेश पत्र के अभ्यर्थियों को परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाता है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ ही एक पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ ले जानी होती है। एनटीए निदेशक विनीत जोशी पहले ही इस बात को कह चुके हैं कि इस साल सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के लिए अभ्यर्थियों को अलग-अलग टाइम स्लॉट में परीक्षा केंद्रों पर बुलाया जाएगा।
जेईई मेन परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व ही विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। गौरतलब है कि इस साल कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए जेईई मेन परीक्षा देरी से हो रही है। पहले ये परीक्षा जुलाई में होनी थी, लेकिन कोविड-19 की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। हाल ही में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन (JEE Main 2020) परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक एप पेश किया है। एनटीएन ने नीट (NEET) और जेईई मेन परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नेशनल टेस्ट अभ्यास एप पेश किया है।राष्ट्रीय अभ्यास एप में जेईई मेन परीक्षा के लिए प्रत्येक दिन एक पूर्ण प्रश्न पत्र उपलब्ध होंगे। ये प्रश्न पत्र तीन घंटे के होंगे। इस साल जेईई मेन के लिए 9,10,000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।