अभ्यर्थियों को ठगने की फिराक में कुछ गिरोह: एनटीए
एनटीए के अनुसार, कुछ संगठित गिरोह परीक्षा को लेकर छात्रों की चिंता का फायदा उठाकर नकली प्रश्नपत्र बेचने के नाम पर धन वसूलने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं। एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और पारदर्शिता पूरी तरह बरकरार है तथा निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं लागू हैं।
अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई
एजेंसी ने बताया कि फर्जी दावे फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स, चैनलों और अन्य ऑनलाइन माध्यमों की पहचान की जा रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित प्लेटफॉर्म्स और साइबर अपराध से जुड़ी एजेंसियों को सूचना दी गई है।
एनटीए ने चार प्वाइंट्स में दिया स्पष्टीकरण
पहला, एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और इसकी निष्पक्षता पर कोई असर नहीं पड़ा है। सभी अभ्यर्थियों के लिए पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम लागू हैं।
दूसरा, सोशल मीडिया पर फर्जी जानकारी फैलाने वाले चैनलों, अकाउंट्स और कंटेंट की पहचान की जा रही है। एनटीए इनकी जानकारी संबंधित प्लेटफॉर्म्स और साइबर एजेंसियों को भेज रही है, ताकि ऐसे कंटेंट को जल्द हटाया जा सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके।
तीसरा, एजेंसी ने बताया कि मामले में कानून-प्रवर्तन और साइबर क्राइम अधिकारियों के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। एनटीए के मुताबिक, फर्जी पेपर लीक की अफवाह फैलाना, ऐसे संदेश साझा करना या छात्रों को ठगने की कोशिश करना गंभीर दंडनीय अपराध है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चौथा, एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें, न किसी को पैसे दें और न ही ऐसे संदेश आगे साझा करें। परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल एनटीए के सत्यापित माध्यमों और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को अफवाहों पर विश्वास न करने की सलाह
एजेंसी ने नीट यूजी 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अफवाहों से दूर रहकर अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें। एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से आयोजित किया जाएगा।