NIRF College Ranking 2025: शिक्षा मंत्रालय ने एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 जारी कर दी है। इस साल भी कॉलेज कैटेगरी में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के कॉलेजों का दबदबा रहा। पिछले साल की तरह इस बार भी हिंदू कॉलेज ने टॉप किया है। वहीं, मिरांडा हाउस कॉलेज को दूसरा स्थान मिला है।
विज्ञापन
आज 4 सितंबर 2025 को घोषित हुई नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) 2025 में भारत के बेस्ट कॉलेजों की लिस्ट जारी की गई। DU के कई कॉलेज टॉप 10 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। हंस राज कॉलेज तीसरे, किरोड़ीमल चौथे और सेंट स्टीफंस पांचवें स्थान पर रहा।
एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में एक बार फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेजों का दबदबा देखने को मिला है। टॉप-5 की सूची में सभी कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं। पहले स्थान पर हिंदू कॉलेज रहा, जिसने लगातार अपनी उत्कृष्टता बनाए रखी है। वहीं दूसरे स्थान पर मिरांडा हाउस और तीसरे स्थान पर हंस राज कॉलेज को जगह मिली। इसके बाद चौथे नंबर पर किरोड़ीमल कॉलेज और पांचवें नंबर पर सेंट स्टीफंस कॉलेज रहा।
विज्ञापन
दिल्ली के बाद कोलकाता के राम कृष्ण मिशन विवेकानन्द सेंटेनरी कॉलेज ने छठा स्थान हासिल किया है। सातवें स्थान पर आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज (दिल्ली), आठवें पर कोलकाता का सेंट जेवियर्स कॉलेज शामिल है। वहीं, तमिलनाडु के कोयंबटूर से दो संस्थान टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रहे, पीएसजीआर कृष्णम्मल महिला कॉलेज को नौवां और पीएसजी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस को दसवां स्थान प्राप्त हुआ।
इस साल एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 कुल 17 कैटेगरी में जारी की गई है। इनमें ओवरऑल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, रिसर्च संस्थान, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, मेडिकल, डेंटल, लॉ, आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग, एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर, इनोवेशन, ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी, स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी और सस्टेनेबिलिटी (SDG) शामिल हैं।