NIOS: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) ने एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी करते हुए शिक्षार्थियों, अभिभावकों और अन्य संबंधित पक्षों को फर्जी वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और सोशल मीडिया अकाउंट्स से सावधान रहने की सलाह दी है। संस्थान ने बताया कि हाल के समय में कई अनधिकृत प्लेटफॉर्म्स ने एनआईओएस की आधिकारिक वेबसाइट के डिजाइन, लेआउट और सामग्री की नकल कर उपयोगकर्ताओं को गुमराह करने का प्रयास किया है।
जारी नोटिस के अनुसार, ये फर्जी प्लेटफॉर्म्स खुद को असली स्रोत बताकर छात्रों का विश्वास जीतने की कोशिश करते हैं। इनका उद्देश्य निजी जानकारी हासिल करना होता है, जो कई बार वित्तीय धोखाधड़ी में बदल सकता है। संस्था ने स्पष्ट किया कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स प्रवेश सहायता, परीक्षा संबंधी मदद, परिणाम अपडेट या अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर उपयोगकर्ताओं को भटकाते हैं, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रक्रिया बाधित हो सकती है।