NEP in Haryana: हरियाणा को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को एलान किया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और इस साल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत 2047" के विज़न को साकार करने के लिए शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य में 10 नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप स्थापित किए जाएंगे, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में 1.80 लाख से अधिक युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
सीएम ने बताया कि राज्य में सर्व शिक्षा अभियान के तहत सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया गया है। डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, टैबलेट वितरण और ई-लर्निंग जैसी पहलें शिक्षा को आधुनिक बनाने में मदद कर रही हैं।