शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक विद्यार्थियों और अभिभावकों के नई शिक्षा नीति से जुड़े सवालों का जवाब देंगे। इस बात की जानकारी शिक्षा मंत्री ने अपने ट्वीट के जरिए दी है। उन्होंने लिखा है कि प्रिय छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों अगर आपके मन में नई शिक्षा नीति को लेकर कोई सवाल है, तो #NEPTransformingIndia के जरिए, उनको मेरे साथ साझा करें। मैं और शिक्षा मंत्रालय आपके इन सवालों के जवाब देने के लिए एक पूरा दिन समर्पित करेंगे।
शिक्षा मंत्री ने आगे लिखा कि आपके प्रश्नों का इंतजार है। हालांकि, अभी इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि शिक्षा मंत्रालय की तरफ से किस दिन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 से जुड़े सवालों के जवाब के लिए रखा जाएगा। सवाल-जवाब के इस कार्यक्रम का दिन अभी तय नहीं है। शिक्षा मंत्री निशंक ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि वो और उनका मंत्रालय छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के नई शिक्षा नीति से जुड़े सभी सवालों का जवाब देगा। छात्र, अभिभावक और शिक्षक हैश टैग #NEPTransformingIndia के जरिए अपने सवाल पूछ सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले माह केंद्र सरकार नई शिक्षा नीति 2020 लाई है। 34 साल बाद नई शिक्षा नीति के जरिए शिक्षा में रई अहम और महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नई शिक्षा नीति में स्कूलों में 10+2 खत्म कर 5+3+3+4 फॉर्मेंट किया गया है। नई शिक्षा नीति में कहा गया है कि अब स्कूल के पहले पांच साल में प्री-प्राइमरी स्कूल के तीन साल और कक्षा एक और कक्षा दो सहित फाउंडेशन स्टेज शामिल होंगे। छठी कक्षा से बच्चों को प्रोफेशनल और स्किल की शिक्षा दी जाएगी। नई शिक्षा नीति में बोर्ड परीक्षाओं के महत्व को कम किया गया है। 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं बदले स्वरूप में होंगी।