केंद्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी के तहत मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित काउंसलिंग में पंजीकरण के लिए सोमवार अंतिम दिन है। छात्र रात 11:55 मिनट तक पंजीकरण के साथ-साथ फीस का भुगतान भी कर सकते हैं।
नीट यूजी के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। 19 जनवरी से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे पहले प्रत्येक कॉलेज और संस्थान छात्रों की ओर से किए गए आवेदन के आधार पर दस्तावेज का सत्यापन करेगा।
देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए सोमवार को कॉलेजों का विकल्प भरने और लॉक करने का आखिरी दिन है। छात्र पंजीकरण करने के बाद कॉलेजों का विकल्प भरने के बाद उन्हें लॉक भी कर सकते हैं । ध्यान देने वाली बात यह है कि जिन छात्रों ने सिर्फ पंजीकरण किया है और विकल्प भरा है, लेकिन लॉक नहीं किया है। ऐसे छात्रों को सीट का आवंटन होने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में मेडिकल काउंसिल कमेटी की ओर से छात्रों को सलाह है कि पंजीकरण के आवेदन के बाद विकल्प को भरने के बाद उसे लॉक जरूर करें।
पीजी के छात्रों को 28 तक करनी होगी रिपोर्ट
नीट यूजी काउंसलिंग के तहत के साथ-साथ नीट पीजी की काउंसलिंग भी चल रही है। इसके तहत शनिवार को पहले चरण का परिणाम घोषित होने के बाद रविवार से रिपोर्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में जिन छात्रों को पहले चरण के तहत सीटें आवंटित हुई हैं उन्हें संबंधित कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 28 जनवरी तक रिपोर्ट करनी होगी।
29 जनवरी को आएंगे नतीजे
पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से आवेदकों के दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 29 जनवरी को कमेटी की ओर से पहले चरण के दाखिले का परिणाम घोषित किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद अगले छह दिनों तक पहले चरण के दाखिले के लिए प्रक्रिया चलेगी। इसके तहत चार फरवरी तक सभी पात्र छात्रों को दाखिला दिया जाएगा।
वहीं, दूसरे चरण की प्रक्रिया नौ फरवरी से शुरू की जाएगी, जिसका आयोजन 18 फरवरी तक होगा। दूसरे चरण के तहत छात्रों को 26 फरवरी तक सीटों का आवंटन कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि मेडिकल काउंसलिंग कमिटी ने राज्यों को अपने स्तर पर मेडिकल कॉलेज में काउंसलिंग शुरू करने के लिए अलग से घोषणा की है। इसके तहत 27 जनवरी से 31 जनवरी तक राज्यों में पहले चरण की काउंसलिंग की जाएगी।