11.21 लाख अभ्यर्थियों ने पास की नीट यूजी परीक्षा
इस साल करीब 11.21 लाख अभ्यर्थी काउंसलिंग प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं, ताकि एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकें। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, इस बार एमसीसी काउंसलिंग के तहत 1,36,939 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इस बार कितनी सीटों पर होगा दाखिला?
एनएमसी के सीट मैट्रिक्स के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 63,296 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध हैं, जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों में 73,643 सीटें हैं। इस तरह कुल 1,36,939 सीटों पर प्रवेश होगा।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कुल 9,911 एमबीबीएस सीटों की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 2,111 नई सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में और 7,800 नई सीटें निजी मेडिकल कॉलेजों में जोड़ी गई हैं।
किन सीटों के लिए एमसीसी कराएगी काउंसलिंग?
एमसीसी निम्नलिखित सीटों के लिए काउंसलिंग आयोजित करेगी-
- राज्यों की 15 प्रतिशत अखिल भारतीय कोटा (AIQ) एमबीबीएस और बीडीएस सीटे
- देशभर के सभी एम्स (AIIMS) की 100 प्रतिशत एमबीबीएस सीटें
- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की 100 प्रतिशत एमबीबीएस और बीडीएस सीटें
- जिपमर (पुडुचेरी और कराईकल) की ओपन और आंतरिक सीटें
- अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) की ओपन और आंतरिक सीटें
- दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), आईपी यूनिवर्सिटी, वीएमएमसी, एबीवीआईएमएस और ईएसआईसी डेंटल की 85 प्रतिशत आंतरिक/डोमिसाइल सीटें
- जामिया मिल्लिया इस्लामिया के डेंटिस्ट्री संकाय की ओपन और आंतरिक सीटें
- ईएसआईसी की 15 प्रतिशत अखिल भारतीय कोटा सीटें और इंश्योर्ड पर्सन्स कोटा सीटें
- एएफएमसी (AFMC) के लिए केवल पंजीकरण प्रक्रिया
- चयनित केंद्रीय संस्थानों की 100 प्रतिशत बीएससी नर्सिंग सीटें
- सभी डीम्ड विश्वविद्यालयों की 100 प्रतिशत सीटें, जिनमें 15 प्रतिशत एनआरआई सीटें शामिल हैं।
पिछले साल कब जारी हुआ था शेड्यूल?
पिछले वर्ष एमसीसी ने 12 जुलाई 2025 को नीट यूजी काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया था। इसके बाद 21 जुलाई 2025 से पहले राउंड के लिए पंजीकरण शुरू हुआ था और 31 जुलाई 2025 को पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम घोषित किया गया था।
इस बार भी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि शेड्यूल जारी होते ही समय पर पंजीकरण कर सकें।