एनटीए ने अभ्यर्थियों से क्या अपील की?
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से बचें। एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किए हैं:
- ईमेल: neet-ug@nta.ac.in
- हेल्पलाइन: 011-40759000/011-69227700
एनटीए ने ये नोटिस जारी किया:
परीक्षा रद्द होने पर छात्रों में गुस्सा
परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में निराशा, गुस्सा और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी। कई छात्रों ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी मेहनत और भरोसे को तोड़ दिया है।
जयपुर में रहकर नीट की तैयारी करने वाले छात्र अमित मीणा ने बताया कि वह पिछले दो साल से तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता किसान हैं और खेती करके ही उन्होंने उनकी पढ़ाई का खर्च उठाया है। परीक्षा रद्द होने से उन्हें बड़ा झटका लगा है।
अलवर की रहने वाली छात्रा साक्षी ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि वह जयपुर में किराए के कमरे में रहकर तैयारी करती है और पिछले एक साल से पढ़ाई कर रही थी। साक्षी ने कहा कि अब पढ़ाई से मन हटने लगा है।
धौलपुर की रहने वाली छात्रा सुनैना तोमर ने बताया कि नीट की तैयारी में हर महीने 10 हजार रुपये से ज्यादा खर्च होता है। इस बार उन्होंने परीक्षा दी थी और उम्मीद थी कि उनका चयन हो जाएगा, लेकिन परीक्षा रद्द होने से उनकी सारी उम्मीदें टूट गईं।
सीबीआई करेगी पूरे मामले की जांच
केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। प्रेस रिलीज के अनुसार, एनटीए जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी।
एनटीए ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। एजेंसी ने माना कि परीक्षा दोबारा कराने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।