संभवतः यह विज्ञान विषय के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षाओं में देश की सबसे बड़ी परीक्षा है। आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया और यह संख्या 21 लाख से भी अधिक हो गई। यह अनुमान है कि परीक्षा में 20 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। गत वर्ष इस परीक्षा में 18 लाख 72 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।
NEET UG 2023 Exam: एक लाख 70 हजार से अधिक सीटों पर होंगे दाखिले
मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन की संख्या में वृद्धि के कई कारण हैं, इसमें सबसे बड़ा मेडिकल की पढ़ाई में प्रवेश की केंद्रीयकृत प्रवेश व्यवस्था है। पहले एमबीबीएस की सीटों पर ही प्रवेश दिया जाता था। इसके बाद इसमें डेंटल कोर्स की सीटें जोड़ी गई, फिर आयुष की आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, वेटेनरी कोर्सेज से ग्रेजुएशन प्रोग्राम की सीटों को शामिल किया।
अब कई पैरामेडिकल कोर्सेज और नर्सिंग कोर्सेज भी जोड़ दिए गए हैं। इस वर्ष एक लाख से अधिक सीटें तो मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की हो चुकी हैं। वहीं, करीब 70 हजार सीटें अन्य कोर्सेज बीडीएस और अन्य कोर्सेज की हैं।
NEET UG 2023 Exam: 720 अंकों की ही होगी प्रवेश परीक्षा
पारिजात मिश्रा ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रवेश परीक्षा 720 अंकों की ही होगी तथा परीक्षा का पैटर्न भी वही रहेगा। इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। एक प्रश्न चार अंक का होगा तथा प्रश्न का गलत उत्तर देने पर एक अंक का ऋणात्मक मूल्यांकन होगा। फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी व जूलॉजी चारों विषयों में सेक्शन-ए में 35 तथा सेक्शन-बी में 15 प्रश्न दिए जाएंगे। इन 15 में से कोई 10 प्रश्न करने होंगे। विद्यार्थियों को 200 में से 180 प्रश्न हल करने होंगे। इस तरह पेपर 720 अंकों का होगा।