परीक्षार्थी ये रखें ध्यान
मेडिकल करिअर काउंसलर एवं नीट एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी की गई एडमिट कार्ड गाइडलाइन के अनुसार पहले परीक्षा के एडमिट कार्ड कम डिक्लेरेशन को अच्छे से कंप्लीट करें, इसमें परीक्षार्थी को फोटो जैसा आवेदन पत्र में अपलोड किया गया है, चिपकाना है तथा पेरेन्ट्स के सिग्नेचर करवाएं। परीक्षार्थी अपना एक पोस्टकार्ड साइज फोटो एडमिट कार्ड के साथ संलग्न निर्धारित परफोर्मा में चिपका कर परीक्षा केन्द्र पर साथ लेकर आएं। इसके अतिरिक्त एक समानांतर पासपोर्ट साइज फोटो भी लेकर आएं जो कि अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के काम आएगा। परीक्षार्थी को स्वयं के साइन परीक्षक के सामने ही करने होंगे। जबकि बाएं हाथ के अंगूठे का इम्प्रेशन घर से लगाकर लाना होगा।
एडमिट कार्ड पर होलोग्राम लगेगा
एनटीए ने इस बार व्यवस्था में परिवर्तन किया है। विद्यार्थी को बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस देनी होगी। बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस होने के बाद एडमिट कार्ड पर होलोग्राम चिपकाया जाएगा। परीक्षा के दौरान परीक्षक एडमिट कार्ड व होलोग्राम, दोनों की जांच करेगा। यदि होलोग्राम नहीं मिला तो विद्यार्थी को परीक्षा के बाद बॉयोमेट्रिक एक्टिविटी पूरी करने को कहा जाएगा।
ड्रेस कोड
मिश्रा ने बताया कि परीक्षार्थी कोई भी लाइट कलर ड्रेस पहन सकता है। छात्र ट्राउजर्स या पेंट जिसमें कि कोई मेटल बटन नहीं हो तथा हाफ शर्ट या टी-शर्ट पहन सकते हैं। छात्राएं सलवार कुर्ता, लेगिंग, पेंट या ट्राउजर्स, टी-शर्ट व कुर्ती पहन सकती हैं। किसी में भी मेटल के बटन नहीं होने चाहिए। पैरों में हाई हील की सैंडल-जूते वर्जित हैं, नॉर्मल स्लीपर्स या सामान्य जूते पहन सकते हैं। आभूषण या मेटल की चीजें जैसे ताबीज, कड़ा पहनकर नहीं जाना है।