NEET SS Counselling 2022: एमसीसी (MCC) ने नीट सुपर स्पेशलिटी (NEET SS) के तहत दाखिलों के लिए काउंसलिंग के पहले दौर का अंतरिम सीट आवंटन परिणाम जारी कर दिया है। नीट एसएस काउंसलिंग प्रक्रिया का आयोजन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी कर रही है। जबकि नीट यानी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा सुपर स्पेशलिटी (NEET SS) परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड यानी नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की ओर से किया गया था।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने अधिसूचना जारी कर कहा कि सभी उम्मीदवारों को सूचित किया जाता है कि एसएस काउंसलिंग 2022 के राउंड-1 का प्रोविजनल रिजल्ट अब उपलब्ध है। अंतिम परिणाम 09 दिसंबर, 2022 को प्रदर्शित किया जाएगा। परिणाम में किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना ई-मेल आईडी: mccresultquery@gmail.com पर ई-मेल के जरिए 09 दिसंबर, 2022 को सुबह आठ बजे तक डीजीएचएस के अधीन एमसीसी को दी जा सकती है।
उम्मीदवारों को आगे सूचित किया जाता है कि अंतरिम परिणाम केवल सांकेतिक प्रकृति का है और परिवर्तन के अधीन है। उम्मीदवार अंतरिम परिणाम में आवंटित सीट पर किसी भी अधिकार का दावा नहीं कर सकते हैं और अंतरिम परिणाम को न्यायालय के समक्ष चुनौती नहीं दी जा सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही और एमसीसी वेबसाइट से आवंटन पत्र डाउनलोड करने के बाद ही आवंटित कॉलेज / संस्थान से संपर्क करें।