मानव संसाधन विकास मंत्रालय नीट और जेईई परीक्षाओं को लेकर आज अहम घोषणा कर सकता है। एनटीए समिति की रिपोर्ट के बाद एचआरडी मंत्रालय इन दोनों ही परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देगा। नीट और जेईई परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थी और अभिभावक लगातार एचआरडी मंत्रालय से इन्हें स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए विद्यार्थी इन परीक्षाओं को स्थगित करने के लिए सोशल मीडिया के जरिए भी गुहार लगा रहे हैं। इसी के मद्देनजर मंत्रालय ने परीक्षाओं की स्थिति साफ करने को लेकर एनटीए की विशेष समिति गठित की थी। जो कि आज इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
इसी समिति की रिपोर्ट के आधार पर मंत्रालय द्वारा जेईई मेन और नीट परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अहम फैसला लिया जाएगा। जेईई मेनपरीक्षा 18 जुलाई से 23 जुलाई तक और नीट परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी है। इससे पहले केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने गुरुवार को अपने एक वीडियो संदेश के जरिए जानकारी दी थी कि जेईई और नीट परीक्षाओं के आयोजन को लेकर गठित की गई एनटीए की समिति शुक्रवार को मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और उसी के आधार पर इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर फैसला लिया जाएगा।