कोरोना महामारी के बीच रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा खत्म हुई। इस परीक्षा में करीब 85-90 फीसदी छात्रों ने हिस्सा लिया। इस बात की जानकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट करके दी।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मुझे बताया है कि आज नीट परीक्षा में करीब 85-90 फीसदी छात्रों ने हिस्सा लिया। मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और एनटीए को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए समुचित इंतजामों के साथ ठोस व्यवस्थाएं कीं। यह आत्मनिर्भर भारत के तय और धैर्य को दर्शाता है।'
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के मद्देनजर कई राजनीतिक दलों द्वारा परीक्षा को कुछ समय के लिए टालने की मांग की गई थी जबकि कई छात्र भी सोशल मीडिया पर परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे थे। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, जिसमें कोर्ट ने परीक्षा टालने से इंकार कर दिया था।