NCWEB Fourth Merit List: दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलेजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) ने बीकॉम व बीए प्रोग्राम में दाखिले के लिए चौथी कटऑफ जारी कर दी है। एनसीवेब की 15,200 सीटों में से अब तक करीब 15 हजार सीटें भर चुकी हैं। बीकॉम के लिए सबसे कम 35 फीसदी कटऑफ अदिति कॉलेज में एससी, एसटी व पीडब्ल्यूडी श्रेणी की रही है। अब 25-26 अगस्त तक इस कटऑफ के आधार पर दाखिला लिया जा सकता है।
चौथी कटऑफ में बीए प्रोग्राम (इतिहास-राजनीति विज्ञान) में सामान्य श्रेणी के लिए 20 कॉलेज सेंटरों पर दाखिले बंद हो गए हैं। इस श्रेणी में अदिति व भगिनी निवेदिता में 40 प्रतिशत, भारती में 68 प्रतिशत व मोतीलाल नेहरू में 60 प्रतिशत कटऑफ में दाखिला हो जाएगा। बीए प्रोग्राम (इकनॉमिक्स-पॉलिटिक्स) के दाखिले 17 कॉलेज सेंटरों पर बंद हो गए हैं, जबकि हंसराज व मिरांडा हाउस में ओबीसी श्रेणी के लिए 74.75 प्रतिशत कटऑफ रही।
बीकॉम में ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस व पीडब्ल्यूडी के लिए ज्यादा मौके हैं। हंसराज में ओबीसी व ईडब्ल्यूएस के लिए 79.5 प्रतिशत व मिरांडा हाउस में ईडब्ल्यूएस के लिए 79.5 प्रतिशत तथा ओबीसी के लिए 79.25 प्रतिशत कटऑफ रही। एनसीवेब अब 12वीं कंपार्टमेंट पास छात्राओं को भी आवेदन का मौका देने की तैयारी कर रहा है। निदेशक डॉ. गीता भट्ट ने बताया कि अगले सप्ताह आवेदन विंडो खोली जाएगी, जिसके लिए विवि की मंजूरी का इंतजार है। केवल दिल्ली निवासी छात्राओं को ही इस बोर्ड में दाखिला मिलता है।