निजी स्कूल की कथित फीस वृद्धि पर अभिभावकों की शिकायत
- फोटो : AI Generated
NCPCR: राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने एक नोटिस जारी कर बताया कि उसे दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक निजी स्कूल की कथित फीस वृद्धि को लेकर कई अभिभावकों से शिकायतें मिली हैं। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ने शिक्षा निदेशालय (DoE) की मंजूरी के बिना ही फीस बढ़ा दी, जिससे छात्रों के अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
एनसीपीसीआर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा उपनिदेशक (दक्षिण-पश्चिम) को पत्र लिखा है और इस पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, इन आरोपों के संबंध में स्कूल प्राधिकारी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।
आयोग ने यह भी दावा किया कि कुछ छात्रों को पूरे दिन लाइब्रेरी में बैठाया जा रहा है और उन्हें कक्षाओं में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पहले भी उठ चुकी हैं फीस वृद्धि की शिकायतें
इसने इस बात पर जोर दिया कि स्कूल फीस राज्य के अधिकार क्षेत्र में आती है और भुगतान से संबंधित किसी भी मुद्दे को अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाया जाना चाहिए।
एनसीपीसीआर ने कहा, "छात्रों को फीस को लेकर परेशान नहीं किया जाना चाहिए और उनकी शैक्षणिक प्रगति बाधित नहीं होनी चाहिए।"
आयोग ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर 15 दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली अभिभावक संघ की अध्यक्ष अपराजिता गौतम ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब फीस वृद्धि को लेकर चिंता जताई गई हो।
उन्होंने कहा, "हमने पहले भी कई स्कूलों में इसी तरह के मुद्दों के संबंध में विभिन्न विभागों से संपर्क किया है।"