राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने प्राथमिक स्कूल के छात्रों के लिए वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया है। एनसीईआरटी ने कोरोना वायरस के मद्देनजर छात्रों के लिए चार हफ्ते का वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया है। इस कैलेंडर के जरिए विद्यार्थी लॉकडाउन के दौरान घर बैठे ही शिक्षा हासिल करेंगे। जब तक स्कूल नहीं खुल जाते तब तक छात्र एनसीईआरटी के इस वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर के जरिए लॉकडाउन में अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। अभिभावक बच्चों को इस कैलेंडर के हिसाब से पढ़ा सकते हैं।
एनसीईआरटी ने इस वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर को इस तरह से तैयार किया है कि छात्र घर बैठे ही पूरी तैयारी के साथ अपनी पढ़ाई कर सकते हैं। इस वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर को छात्रों के सिलेबस के आधार पर तैयार किया गया है। इस कैलेंडर में बताया गया है कि कैसे बच्चों को उनके विषय के आधार पर घर में ही पढ़ाना है। सबसे खास बात यह है कि अगर किसी छात्र के घर में लैपटॉप नहीं है या फिर वो स्मार्टफोन की सहायता से नहीं पढ़ सकता तो भी इस कैलेंडर के जरिए वह अपने विषय के आधार पर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकता है।
इसे भी पढ़ें-BSEB: जानिए कब आएगा बिहार बोर्ड के दसवीं कक्षा का रिजल्ट?
गौरतलब है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए जारी लॉकडाउन में सभी स्कूल बंद हैं। ऐसे में छात्र घर पर ही अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए शिक्षा दी जा रही है। ऐसे में एनसीईआरटी ने छात्रों को इस वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर के जरिए बताया है कि घर बैठे कैसे अपनी विषय की बेहतर तरह से तैयारी करनी है। इस कैलेंडर में यह भी बताया गया है कि अभिभावक कैसे घर में अपने बच्चों के मानसिक तनाव को कम कर सकते हैं और उनको क्या गतिविधियां करा सकते हैं। यह कैलेंडर एक से लेकर पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। इस वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर में हिंदी, अंग्रेजी, ऊर्दू और गणित आदि विषय शामिल हैं।