किन छात्रों को भरना होगा फॉर्म?
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में नियमित छात्रों के अलावा कुछ अन्य श्रेणियों के विद्यार्थी भी शामिल हैं। इनमें शामिल हैं:
- नियमित HSC परीक्षार्थी
- रिपीट करने वाले उम्मीदवार
- एनरोलमेंट सर्टिफिकेट वाले प्राइवेट विद्यार्थी
- व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थी
- अन्य निर्धारित श्रेणियों के पात्र उम्मीदवार
नियमित छात्रों की जरूरी जानकारी बोर्ड को FYJC ऑनलाइन सिस्टम से मिलेगी। हालांकि MCVC और ITI स्ट्रीम के जिन छात्रों की जानकारी FYJC सिस्टम पर उपलब्ध नहीं है, उन्हें अपनी जानकारी संबंधित डिविजनल बोर्ड को देनी होगी।
जिन छात्रों के पास अपार आईडी है, उन्हें आवेदन फॉर्म भरते समय अपनी आईडी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
31 अक्तूबर के बाद भी मिलेगा आवेदन का मौका
अगर कोई छात्र 31 अक्तूबर तक आवेदन नहीं कर पाता है तो उसे तुरंत आवेदन का मौका खत्म नहीं होगा। बोर्ड ने लेट फीस के साथ अतिरिक्त समय दिया है।
1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक लेट फीस देकर आवेदन किया जा सकेगा। इसके बाद भी आवेदन नहीं करने वाले छात्रों को 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अतिरिक्त लेट फीस के साथ एक और मौका मिलेगा।
हालांकि बोर्ड ने छात्रों और स्कूलों को सलाह दी है कि वे नियमित समय-सीमा के भीतर ही आवेदन पूरा करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क और अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।
फोटो अपलोड करते समय इन बातों का रखें ध्यान
HSC परीक्षा आवेदन में छात्र को अपनी हाल की रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी अपलोड करनी होगी। बोर्ड ने फोटो के लिए कुछ तकनीकी शर्तें तय की हैं।
- फोटो हाल की रंगीन पासपोर्ट साइज होनी चाहिए।
- फोटो JPG फॉर्मेट में होनी चाहिए।
- फाइल का आकार 25 KB से 40 KB के बीच होना चाहिए।
- फोटो पिछले छह महीने के भीतर खींची गई हो।
- छात्र का चेहरा साफ दिखाई देना चाहिए।
- फोटो में दोनों आंखें और कान स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए।
- फोटो बोर्ड की निर्धारित पृष्ठभूमि, रूप-रंग और गुणवत्ता संबंधी शर्तों के अनुरूप होनी चाहिए।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
आवेदन जमा करने से पहले छात्र अपना नाम, व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और अन्य जरूरी जानकारी ध्यान से जांच लें। फोटो और अन्य विवरण भी निर्धारित प्रारूप में ही अपलोड करें।