MP NEET UG Counselling: मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा निदेशालय (DME) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विशेष प्रावधान किया है। राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (NEET) के आधार पर राज्य काउंसलिंग में आवंटन हेतु आतंकवादी हमलों के शिकार लोगों के जीवनसाथी और बच्चों के लिए चार एमबीबीएस सीटें आरक्षित की गई हैं।
इसके अलावा, डीएमई ने एमपी नीट यूजी काउंसलिंग 2025 के पहले दौर की रिपोर्टिंग, त्यागपत्र और अपग्रेडेशन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है, जिससे छात्रों को अतिरिक्त समय मिल सके।
इससे पहले उम्मीदवारों के लिए रिपोर्ट करने की आखिरी तारीख 23 अगस्त निर्धारित थी। हालांकि, डीएमई द्वारा गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च सेंटर से 100 बीडीएस सीटें हटाए जाने के बाद, एमपी नीट यूजी 2025 की नई सीट आवंटन सूची 20 अगस्त को जारी की गई थी।
अब इस डेट तक लें एडमिशन
संशोधित शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवार 25 अगस्त शाम 6 बजे तक प्रवेश ले सकते हैं। वहीं, आवंटित सीट से इस्तीफा देने या रद्द करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त शाम 5 बजे तय की गई है। इसके अलावा, सीट अपग्रेडेशन विकल्प 26 अगस्त रात 11:59 बजे तक संपादित किया जा सकता है।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि कॉलेज स्तर पर प्रवेश लेते समय सभी उम्मीदवारों के लिए अपग्रेडेशन (हां/नहीं) विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। उम्मीदवार इस विकल्प को 26 अगस्त, 2025 की रात 11:59 बजे तक बदल सकते हैं।