MP Board Supplementary Exam: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड के अनुसार, यह परीक्षा 17 जून 2025 से शुरू होगी। छात्र आधिकारिक वेबसाइट (mpbse.nic.in) के माध्यम से एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं सप्लीमेंट्री टाइमटेबल 2025 डाउनलोड कर सकते हैं।
साथ ही, वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट द्वितीय परीक्षा (सप्लीमेंट्री) में सम्मिलित होने के लिए विस्तृत निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सत्र 2024-25 की इन परीक्षाओं के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 7 मई से 21 मई 2025 की रात 12:00 बजे तक भरे जा सकेंगे।
परीक्षा तिथि और समय
एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षा 2025 का आयोजन शेड्यूल के अनुसार सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। छात्रों को परीक्षा के दिन सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है, क्योंकि सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सुबह 8:50 बजे उत्तर पुस्तिकाएं और सुबह 8:55 बजे प्रश्न पत्र वितरित किए जाएंगे। यह पूरक परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए है जो मुख्य परीक्षा में एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो सके हैं और उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश पाने का एक और अवसर दिया जा रहा है।
एमपी बोर्ड की पूरक प्रायोगिक परीक्षाएं 17 जून से 25 जून 2025 के बीच निर्धारित आवंटित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। इन प्रैक्टिकल परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी प्रायोगिक परीक्षा की सटीक तिथि और समय की जानकारी के लिए अपने स्कूल के प्रिंसिपल या परीक्षा केंद्र अधीक्षक से संपर्क करें, ताकि समय पर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, "यदि आवश्यक हो, तो प्रायोगिक परीक्षाएं छुट्टियों में भी आयोजित की जा सकती हैं।"