सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित रोजगार मेले में पिज्जा डिलिवरी ब्वॉय बनने के लिए एमबीए और एमटेक पास युवा भी पहुंचे। स्थिति देख कर विभाग भी हैरत में पड़ गया। पढ़िए क्या बोले युवा...
मेले में पिज्जा कंपनी सहित चार कंपनियों ने 82 बेरोजगारों को नौकरी दी। खास बात यह रही कि चारों कंपनियों ने 12वीं पास युवाओं के लिए रोजगार मेला लगाया था, लेकिन आने वालों में 40 प्रतिशत से अधिक युवा ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट थे।
बुधवार को सेवायोजन कार्यालय में आयोजित मेले के लिए 152 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया था। इसमें 40 प्रतिशत युवा बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमटेक और एमबीए पास भी पहुंचे। एमबीए पास युवा तो पिज्जा कंपनी में डिलिवरी ब्वॉय बनने को तैयार थे।
जयपुर में कपड़े की दुकान में नौकरी करने वाले शिव सिंह ने बताया कि वह एमबीए पास हैं। परिचितों से रोजगार मेले का पता चला तो दून आ गए। उन्होंने डिलिवरी ब्वॉय के पद के लिए आवेदन किया था। एमबीए डिग्री धारक विनय नेगी ने बताया कि वैसे तो ट्रेनी का पद प्राथमिकता में है, लेकिन जिस भी पद पर नौकरी मिल जाएगी, वह करने को तैयार हैं।