महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने स्टेट सर्विस प्री-एग्जामिनेशन को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 14 मार्च को आयोजित होने वाली थी। सूबे में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए एमपीएससी परीक्षा को स्थगित किया गया है। हालांकि, अभी परीक्षा की नई तिथि की जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में इस परीक्षा को देने वाले अभ्यर्थियों से निवेदन किया जाता है कि वे किसी भी तरह के अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।
इससे पहले भी इस परीक्षा को स्थगित किया गया था। यह परीक्षा पहले 11 अक्तूबर 2020 को आयोजित होने वाली थी, लेकिन उस वक्त मराठा आरक्षण के मुद्दे को देखते हुए इस परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। दरअसल, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए इस परीक्षा को आगे बढ़ा दिया गया है।
इसे भी पढ़ें-नीट यूजी 2021: साल में एक बार ही होगी परीक्षा, एग्जाम डेट की घोषणा इस हफ्ते
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सूबे के कुछ क्षेत्रों में तीन दिन के लिए जनता कर्फ्यू लगाया जाएगा। जनता कर्फ्यू गुरुवार रात आठ बजे से लेकर सोमवार सुबह आठ बजे तक लगाया जाएगा। सूबे में नागपुर की हालत बेहद खराब है। यहां कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि हो रही है जिसे देखते हुए 15 मार्च से लेकर 21 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा हुई है। नासिक, मालेगांव और नंदगांव में 10 मार्च तक स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को बंद रखा गया है।बुधवार को सूबे में 13, 659 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं।
इसे भी पढ़ें-आसमां की उड़ान: इस रॉकेट से आम आदमी भी कर सकेंगे अंतरिक्ष का दौरा, जानिए क्या है योजना