देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए औरंगाबाद गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज ने हाल ही में राज्य द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेजों में कोरोना रोकथाम और प्रबंधन में सर्टिफिकेट कोर्स का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव चिकित्सा शिक्षा सचिव, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान निदेशक एवं महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें-केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: 12वीं परीक्षा रद्द करने को लेकर सीबीएसई ने कही ये बड़ी बात
औरंगाबाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ कनबाला येलिकर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस कोर्स के जरिए अस्पतालों को आवश्यक श्रमशक्ति की आपूर्ति होगी और यह कोर्स इलाज सुविधाओं में डॉक्टरों की निरंतरता प्रदान करने में मदद करेगा। यह छह महीने का सर्टिफिकेट कोर्स एमबीबीएस, होमोपैथी, आर्युवेद और दंत चिकित्सा स्नातक में प्रस्तावित किया गया है। दरअसल, इस वक्त सभी डॉक्टर कोरोना वायरस के इलाज में जुटे हुए हैं।
इस कोर्स के प्रस्ताव में यह बात भी कही गई है कि कोरोना के इस वक्त में अस्पतालों और उनके प्रबंधन की स्थिति को उजागर किया है। हालांकि, अभी यह कोर्स शुरू नहीं हुआ है। इसके लिए सिर्फ अभी प्रस्ताव गया है और ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यह कोर्स शुरू हो सकता है। अगर यह कोर्स शुरू होता है तो यह अपने तरह का पहला कोर्स होगा जो कोरोना से रोकथाम और प्रबंधन के गुण सिखाएगा।