महाराष्ट्र एचएससी परीक्षा 2020: महाराष्ट्र ने 12वीं कक्षा की परीक्षाएं मार्च के महीने में आयोजित की थीं। आमतौर पर महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन, MSBSHSE मई के माह में परिणाम घोषित कर देता है पर इस बार बोर्ड को देरी हुई। हाईकोर्ट ने बोर्ड से महाराष्ट्र HSC, SSC परिणाम 2020 की घोषणा 10 जून तक करने को कहा था। लेकिन अब सूत्रों से पता चला है कि परिणामों में अब भी देरी हो सकती है।
शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान बताया कि परिणामों के घोषित होने में अब भी देरी हो सकती है। यानि परिणाम 10 जून को जारी नहीं होंगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि महामारी फैलने के कारण बोर्ड द्वारा लंबे इंतजार के बाद मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया एक महीने देरी से शुरू हुआ।
महाराष्ट्र बोर्ड ने एसएससी यानि 10वीं के लिए हाल ही में भूगोल परीक्षा रद्द कर दी है। बता दें कि 10वीं की परीक्षा में बैठने वाले छात्र-छात्राओं को ज्योग्राफी विषय के पेपर के लिए औसत अंक दिए जाएंगे। यह घोषणा महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन, MSBSHE ने बुधवार, 27 मई, 2020 को की है। यह परीक्षा 23 मार्च को आयोजित होने वाली थी लेकिन देश में लॉकडाउन के कारण इस परीक्षा को बोर्ड ने रद्द कर दिया। इस साल 17 लाख से अधिक छात्र एसएससी (Secondary School Certificate- SSC) परीक्षा में बैठे थे। इन परीक्षाओं को 3 से 23 मार्च, 2020 के बीच निर्धारित किया गया था। वहीं वोकेशन विषयों के पेपर का आयोजन 24 मार्च से 4 अप्रैल तक किया जाना था। लेकिन राज्य में लॉकडाउन के कारण ये परीक्षाएं अपने समय पर संपन्न नहीं हो पाईं।