महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (MSBSHSE) ने बुधवार, नौ फरवरी, 2022 को महाराष्ट्र एचएससी परीक्षा 2022 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। हायर सेकेंडरी परीक्षा मार्च-अप्रैल के लिए निर्धारित है। बोर्ड से संबंद्ध स्कूल अपने छात्रों के प्रवेश-पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट - mahahsscboard.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि महाराष्ट्र एसएससी और एचएससी परीक्षा 2022 प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों माध्यम के लिए पेन और पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।
राज्य बोर्ड की कक्षा 10वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 25 फरवरी से 14 मार्च, 2022 तक आयोजित की जाएंगी। जबकि कक्षा 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 14 फरवरी से 03 मार्च, 2022 तक होंगी। महाराष्ट्र एचएससी और एसएससी 2021-2 की सैद्धांतिक परीक्षाएं मार्च में शुरू होगी। कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 04 से 30 मार्च, 2022 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 15 मार्च से 04 अप्रैल, 2022 तक आयोजित की जाएंगी।