दिल्ली विश्वविद्यालय, Delhi University
- फोटो : University Of Delhi
Maha kumbh: दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अगले माह महाकुंभ पर इंटर्नशिप का मौका मिलने जा रहा है। दरअसल दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ और एबीवीपी के संयुक्त तत्वाधान में विद्यार्थियों के लिए मीडिया एवं सोशल मीडिया इंटर्नशिप आयोजित की जाएगी।
दो से 26 फरवरी तक होगी इंटर्नशिप
दो फरवरी से 26 फरवरी तक होने वाली इस इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को महाकुंभ की भव्यता एवं सुंदरता पर रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी करने व ड्रॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए प्रशिक्षण मिलेगा। इसके लिए प्रसिद्ध पत्रकारों व इन्फ्लूएंसर का सहयोग लिया जाएगा। डूसू व एबीवीपी विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रकार के इंटर्नशिप कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं।
प्रतिभागियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से होगा
इस बार इंटर्नशिप के लिए महाकुंभ का चयन किया गया है। इस इंटर्नशिप में प्रतिभागियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) सचिव मित्रविंदा कर्णवाल ने कहा कि महाकुंभ की भव्यता को मीडिया एवं सोशल मीडिया पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से यह इंटर्नशिप का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया संबंधित विभिन्न कौशलों एवं बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा। इंटर्नशिप के लिए इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीकरण इस लिंक https://surl.li/xjctvv के माध्यम से कर सकते हैं।