बिहार में पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के अगली कक्षा में पदोन्नत कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिक्षा विभाग ने पहली से लेकर आठवीं तक के दो करोड़ विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही पास कर दिया है और अगली कक्षा में डाल दिया है। शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री की मुहर भी लग गई है। गौरतलब है कि लॉकडाउन की वजह से इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद बिहार सरकार ने कहा था कि पहली से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।
बता दें कि इस वक्त कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। यह लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है। लॉकडाउन की वजह से स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं और कई प्रतियोगिता परीक्षाओं को भी स्थगित किया गया है। इससे पहले बिहार शिक्षा बोर्ड ने कहा था कि वो आठवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को रेडियो के जरिए ऑनलाइन शिक्षा देने की तैयारी कर रहा है।