देश में इस वक्त कोरोना वायरस से बचाव के लिए दूसरे चरण का लॉकडाउन चल रहा है, जो कि तीन मई तक है। लॉकडाउन की वजह से सभी स्कूल और कॉलेज बंद हैं और प्रतियोगिता परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। ऐसे में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जेईई एडवांस की परीक्षा 12 जुलाई तक आयोजित की जा सकती है। बता दें कि जेईई एडवांस परीक्षा के जरिए देश के शीर्ष प्रौद्योगिकी संस्थानों में स्नातक स्तरीय कोर्स में विद्यार्थियों को दाखिला मिलता है। यह परीक्षा पहले 17 मई को आयोजित की जानी थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। ऐसे में अब जेईई एडवांस के आयोजक चेयरमैन सिद्धार्थ पांडेय ने 'एजुकेशन टाइम्स' को दिए इंटरव्यू में कहा है कि इस परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई तक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जेईई मेन परीक्षा को स्थगित किए जाने की वजह से ही जेईई एडंवास के आयोजन में देरी हुई है। जेईई मेन 2020 परीक्षा का आयोजन अप्रैल में होना था लेकिन लॉकडाउन की वजह से इस परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था। सिद्धार्थ पांडेय का कहना है कि एनटीए प्रयास कर रहा है कि जेईई मेन की परीक्षा 20-22 जून तक करा दी जाए।