फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केरल हाईकोर्ट: संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन रद्द, अलग परीक्षा कराने का निर्देश, जानें मामला

Tue, 24 Nov 2026 12:01 PM IST
आकाश कुमार पीटीआई,कोच्चि

सार

केरल हाईकोर्ट ने श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन रद्द कर अलग परीक्षा कराने का निर्देश दिया। इन 16 छात्रों को 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद निलंबित किया गया था। अदालत ने कहा कि नई जांच होने तक छात्रों को दोबारा निलंबित नहीं किया जाए।
 
विज्ञापन
केरल उच्च न्यायालय (फाइल) - फोटो : एएनआई (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को कालड़ी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन रद्द कर दिया। इन छात्रों पर परिसर में सुविधाओं की कमी के विरोध में एसएफआई के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कुलपति सीजा थॉमस के साथ कथित मारपीट करने का आरोप था। न्यायमूर्ति पी. वी. कुन्हीकृष्णन ने छात्रों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए विश्वविद्यालय की अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिकाएं स्वीकार कर लीं।

विश्वविद्यालय के कौन से चार आदेश रद्द हुए?

अदालत ने विश्वविद्यालय और उसकी सिंडिकेट के चार आदेश रद्द कर दिए। इनमें 16 छात्रों का निलंबन, जांच के लिए अनुशासन समिति गठित करना, समिति की रिपोर्ट और विश्वविद्यालय के फैसले की बाद में की गई समीक्षा से जुड़े आदेश शामिल थे। हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय को छात्रों के लिए अलग परीक्षा कराने का निर्देश भी दिया। अदालत ने कहा कि विश्वविद्यालय चाहे तो नए सिरे से जांच कर सकता है, लेकिन जांच लंबित रहने तक छात्रों को दोबारा निलंबित नहीं किया जाना चाहिए।

विज्ञापन


अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि यदि नई जांच में छात्र दोषी पाए जाते हैं, तो निलंबन के तहत बिताए गए उनके 84 दिनों को ध्यान में रखा जाए। उसने स्पष्ट किया कि आगे जांच की संभावना को छात्रों की अलग परीक्षा कराने से इनकार करने का आधार नहीं बनाया जा सकता।

क्यों हुआ था इन छात्रों का निलंबन?

16 छात्रों को 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद निलंबित किया गया था। प्रदर्शन परिसर में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के आरोपों को लेकर एसएफआई के नेतृत्व में किया गया था। छात्रों पर कुलपति का प्रतीकात्मक दाह-संस्कार करने, उनके साथ धक्का-मुक्की करने और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए थे। निलंबन के बाद कुछ छात्रों को परीक्षाओं में शामिल होने से भी रोक दिया गया था।

हाईकोर्ट की एकल पीठ ने शुरुआत में छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी थी। हालांकि, विश्वविद्यालय ने इस आदेश को खंडपीठ में चुनौती दी, जिसने एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी। इसके बाद छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की एकल पीठ को उनकी याचिका पर फिर से विचार करने का निर्देश दिया था।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद भूख हड़ताल खत्म

हाईकोर्ट के फैसले के बाद परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। माकपा के जिला सचिव एस. सतीश ने प्रदर्शनकारी छात्रों को नींबू पानी पिलाकर उनकी भूख हड़ताल खत्म कराई। छात्रों को संबोधित करते हुए एसएफआई के प्रदेश सचिव पी. एस. संजीव ने फैसले को छात्रों और संगठन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जिस काम को करने से छात्र इनकार कर रहे हैं, उसके लिए वे माफी नहीं मांगेंगे।

विज्ञापन


संजीव ने आरोप लगाया कि यह फैसला आरएसएस और राज्य सरकार के लिए झटका है। उन्होंने विश्वविद्यालय से निलंबन तत्काल वापस लेने और छात्रों की परीक्षाएं जल्द से जल्द कराने की मांग की। उन्होंने 20 दिनों से अधिक समय तक आंदोलन का समर्थन करने वाले वामपंथी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे छह छात्रों और उनका साथ देने वाले 10 अन्य छात्रों की भी सराहना की। संजीव ने कहा कि उनके दृढ़ निश्चय से आंदोलन जारी रह सका।

प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने पत्रकारों से कहा कि वे जल्द ही परीक्षा देंगे और अदालत के फैसले से पिछले तीन से चार महीनों में झेली गई मुश्किलों का अंत हुआ है। छात्र ने कहा, “हम जीवन में हार सकते हैं, लेकिन आरएसएस से नहीं हारेंगे।”

एक अन्य छात्र ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और राजनीतिक नेताओं ने निलंबन, गिरफ्तारी और परीक्षाओं में शामिल होने से रोककर एसएफआई कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया। छात्र ने कहा कि 16 छात्र बिना माफी मांगे परिसर लौटेंगे और परीक्षा देंगे, क्योंकि उनके अनुसार उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है।

फैसले के बाद एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कालड़ी कस्बे से विश्वविद्यालय परिसर तक विजय रैली निकाली। रैली में कुलपति सीजा थॉमस और उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन के खिलाफ नारे लगाए गए।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें