कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (केईए) ने केसीईटी परीक्षा 2020 के लिए आवेदन में सुधार की तारीख को बढ़ा दिया है। अब अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए 31 मई तक आवेदन में सुधार कर सकते हैं। अगर आपने अभी तक केसीईटी परीक्षा के लिए भरे आवेदन में सुधार नहीं किया है और आपको अपने एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार करना है, तो 31 मई तक हर हाल में करेक्शन कर लें। केसीईटी के लिए आवेदन में सुधार की तारीख को लॉकडाउन की वजह से बढ़ाया गया है।
इससे पहले भी आवेदन में सुधार की तारीख को 20 मई से लेकर 22 मई तक बढ़ाया गया था। अगर आपको अपने आवेदन में सुधार करना है तो आप आधिकारिक वेबसाइट kea.kar.nic.in के माध्यम से आवेदन फॉर्म में बदलाव कर सकते हैं। संशोधित तारीख के मुताबिक केसीईटी की परीक्षा 30 और 31 जुलाई को आयोजित होनी है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सुबह 10.30 बजे से 11.50 बजे तक और दोपहर 2.30 बजे से 3.50 बजे तक केसीईटी की परीक्षा होगी। केसीईटी की परीक्षा इस बार 75 नए केंद्रों पर कराई जाएगी। विद्यार्थी अपने नजदीकी केंद्र में इस परीक्षा को दे सकते हैं। विद्यार्थी अपने चुनाव के हिसाब से तीन परीक्षा केंद्रों का विकल्प चुन सकते हैं।