झारखंड अकादमिक काउंसिल (JAC) मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की मूल्यांकन प्रक्रिया 28 मई से शुरू करेगा। सूबे के 67 केंद्रों में दसवीं और बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाएगा। मूल्यांकन प्रक्रिया पर सीसीटीवी के जरिए नजर रखी जाएगी। मूल्यांकन की प्रक्रिया को सीसीटीवी के जरिए लाइव प्रसारित भी किया जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि इस बात पर नजर रखी जा सके कि विभिन्न केंद्रों पर मूल्यांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सही से हो रहा है या नहीं।
सूबे के सचिव महीप कुमार ने 'इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया को खत्म होने में एक महीने का वक्त लगता है। लेकिन कोविड-19 के इस दौर में मूल्यांकन की प्रक्रिया के खत्म होने और रिजल्ट के आने के बारे में सही-सही अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर लॉकडाउन की वजह से फिर से किसी भी तरह का प्रतिबंध लगाया जाता है तो मूल्याकंन प्रक्रिया फिर से बाधित हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग वक्त पर मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरा करने और रिजल्ट जारी करने का पूरा प्रयास करेगा। बता दें कि इस साल झारखंड में दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाएं 8 मार्च से शुरू हुई थी। पिछले साल दसवीं कक्षा में 70.77 और बारहवीं कक्षा में 57 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए थे।