JAC Result 2020: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने झारखंड बोर्ड के मैट्रिक एवं इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मुल्यांकन को लेकर परीक्षकों को राहत दी है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कहा कि 28 मई से लॉकडाउन के कारण जो परीक्षक मूल्यांकन केंद्र पर नही पहुंच पा रहे हैं या जो दूसरे जिलों में फंस गए हैं और वहां से आने में दिक्कत हो रही है उन शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य से मुक्त रखा जाएगा।
उन परीक्षकों पर किसी तरह की कोई कार्यवाई नहीं की जाएगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल सचिव महीप सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था लॉकडाउन के साथ-साथ तब तक लागू रहेगी जब तक अंतर जिला परिवहन व्यवस्था प्रारंभ नहीं की जाती है। तब तक जितने परीक्षक हैं उन्ही से मूल्यांकन का कार्य कराया जाएगा।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने अधिक से अधिक मूल्यांकन कार्य कराने के लिए मूल्यांकन की अवधी दो घंटे तक बढ़ा दी है। इसके लिए परीक्षकों पर कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा परंतु परीक्षक को दिन में कम से कम 30 कॉपियों का मूल्यांकन करना जरूरी होगा। वहीं सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को मूल्याकन कार्य को 11 गाइडलाइन के साथ कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षको को कॉपी जांचने के दौरान एक अभिभावक की तरह व्यवहार करने की ट्रेनिंग भी दी है। इस ट्रेनिंग में परीक्षकों को स्टेप मार्किंग पर ध्यान देने को कहा गया है।