JEECUP 2025 Counselling: संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलिटेक्निक), उत्तर प्रदेश ने जीकप 2025 काउंसलिंग के राउंड-3 के सीट आवंटन परिणाम जारी कर दिए हैं। अब पात्र उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाकर अपना सीट आवंटन आदेश डाउनलोड करना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के अगले चरण की तैयारी करना होगा।
इस तारीख तक करें दस्तावेज सत्यापन
JEECUP राउंड-3 सीट आवंटन सूची में चयनित उम्मीदवारों को 24 जुलाई 2025 तक अपनी सीट स्वीकृति संबंधी इच्छा दर्ज करनी होगी और प्रवेश प्रस्ताव को स्वीकार करना होगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 2222 जुलाई से 24 जुलाई 2025 तक राज्य के निर्धारित सहायता केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
इस वर्ष जीकप 2025 परीक्षा के लिए पंजीकृत 4.25 लाख उम्मीदवारों में से 3.31 लाख से अधिक को योग्य घोषित किया गया। काउंसिल द्वारा काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश के कुल 2,669 पॉलिटेक्निक संस्थानों की सूची अधिसूचित की गई, जिनमें 147 सरकारी, 18 सहायता प्राप्त, 18 पीपीपी मोड के और 2,486 निजी संस्थान शामिल हैं। उम्मीदवारों को अपनी पसंद और सीट की उपलब्धता के आधार पर संस्थानों का चयन करने की अनुमति दी गई थी।
सीट स्वीकृति शुल्क और विकल्प प्रक्रिया
सीट प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को अपने प्रवेश को सुनिश्चित करने के लिए 3,250 रुपये का सीट स्वीकृति शुल्क जमा करना होगा। इस राशि में 3,000 रुपये शिक्षण शुल्क के रूप में समायोजित किए जाएंगे, जबकि 250 रुपये परामर्श शुल्क रहेगा। उम्मीदवार फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुन सकते हैं, जिसमें फ्रीज का अर्थ होता है सीट को पक्का करना और फ्लोट का मतलब है बेहतर विकल्प की प्रतीक्षा करते हुए मौजूदा सीट को सुरक्षित रखना।
फ्रीज और फ्लोट विकल्प का समझदारी से करें चयन
जिन उम्मीदवारों को आवंटित सीट से संतोष है, वे ‘फ्रीज’ विकल्प का चयन कर प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं, जबकि जो उम्मीदवार उच्च वरीयता की सीट की प्रतीक्षा कर रहे हैं, वे ‘फ्लोट’ विकल्प चुन सकते हैं। परिषद ने कुल तीन काउंसलिंग राउंड आयोजित करने की योजना बनाई है। परिषद के अनुसार, सभी नए विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं 1 अगस्त 2025 से आरंभ होंगी।
रिजल्ट ऐसे करें डाउनलोड
- JEECUP की वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर “Round 3 Seat Allotment” लिंक पर क्लिक करें।
- लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज कर सबमिट करें।
- स्क्रीन पर आपकी सीट अलॉटमेंट डिटेल दिखाई देगी।
- PDF को डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।