इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन्स के सोमवार को जारी नतीजों में छह छात्रों ने ‘परफेक्ट 100’ स्कोर किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली के प्रवर कटारिया और रंजिम प्रबल दास, चंडीगढ़ के गुरमृत सिंह, राजस्थान के साकेत झा, महाराष्ट्र के सिद्धांत मुखर्जी और गुजरात के अनंत कृष्ण किदंबी ने परफेक्ट 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किये।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, परीक्षार्थियों के प्रत्येक सत्र के लिए प्राप्तांक को शून्य से सौ तक के माप पर बदला जाता है। एनटीए का स्कोर प्राप्त किए गए प्रतिशत के समान नहीं है।
एनटीए ने फरवरी सत्र की परीक्षा 23 फरवरी से 26 फरवरी 2021 के बीच आयोजित की थी। इस वर्ष कुल 6.52 लाख छात्रों ने प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था जिनमें से 95 प्रतिशत छात्रों ने बीई/बीटेक के पर्चे दिए और 81.2 प्रतिशत छात्रों ने बी आर्क/बी प्लानिंग की प्रवेश परीक्षा दी।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
सबसे पहले अभ्यर्थियों को जेईई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
जेईई की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in है।
यहां होम पेज पर ही अभ्यर्थियों को जेईई परीक्षा का लिंक मिलेगा।
जिस पर क्लिक करने के बाद अभ्यर्थियों को अपनी जानकारी भरनी होगी।
इसके बाद अभ्यर्थियों का रिजल्ट खुल जाएगा जिसे वे डाउनलोड कर सकते हैं।
ध्यान रहे कि जेईई मेन 2021 परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक घोषणा के बाद ही खुलेगा।
दूसरा सत्र 15 से 18 मार्च तक
पहले चरण की परीक्षा 23 से 26 फरवरी, 2021 को हुई थी। इसके बाद दूसरा सत्र 15 से 18 मार्च तक, तीसरा सत्र 27 से 30 अप्रैल तक और चौथा सत्र 24 से 28 मई 2021 तक आयोजित किया जाएगा। अगले चरणों की परीक्षा भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की पहली पारी सुबह 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा 03 से 06 बजे तक आयोजित की जाएगी।