JEE Main Exam बिहार बोर्ड 12वीं के मैथ्स पेपर से टकराव
जैसे ही एनटीए (NTA) द्वारा परीक्षा शहर एवं परीक्षा की तिथियां जारी की गई, इसके साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सोशल मीडिया पर रिएक्शन आने लगे हैं। सबसे अधिक बिहार बोर्ड के ऐसे विद्यार्थी सामने आ रहे हैं जिनकी परीक्षा एक फरवरी को है और उसी दिन जेईई मेन की परीक्षा भी है। इसके अतिरिक्त कई विद्यार्थी ऐसे भी सामने आ रहे हैं, जिनकी 12वीं बोर्ड की प्रैक्टिकल की परीक्षाएं (Class 12th Board Practical Exam) भी इन्हीं तिथियों में टकरा रही है।
JEE Main Exam Vs Board Exam: दूसरे शहर में केंद्र बनने पर मुसीबत
इंजीनियरिंग करिअर काउंसलर अमित आहूजा का कहना है कि यदि किसी विद्यार्थी का परीक्षा केंद्र दूसरे शहर में आता है तो उसके लिए संबंधित स्कूल में प्रैक्टिकल देना भी संभव नहीं हो सकेगा। एक समस्या अधिकांश विद्यार्थियों के साथ यह भी है कि उन्हें ऐसे शहर में परीक्षा केंद्र दिए जा रहे हैं, जिसका उन्होंने परीक्षा केंद्र के रूप में आवेदन के वक्त विकल्पों में चुनाव ही नहीं किया था। इन विद्यार्थियों को अब अनचाहे रूप से नए शहर में परीक्षा देने के लिए तैयार होना पड़ रहा है। उपरोक्त समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एनटीए को ई-मेल और फोन करके समस्याएं बता रहे हैं।
JEE Main Exam Slots and Admit Card: 13 शिफ्ट में होगी परीक्षा
उधर, परीक्षा की स्लॉट के संबंध में जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार जेईई मेन (JEE Main) बीई-बीटेक (BE BTech) परीक्षा 24 जनवरी, 25, 29, 30 व 31 जनवरी एवं एक फरवरी को दो शिफ्ट सुबह नौ से 12 बजे तक एवं दोपहर में तीन बजे से छह बजे तक संपन्न होगी। यानी बीई-बीटेक की परीक्षा कुल 12 शिफ्ट में करवाई जाएगी, इसके अतिरिक्त 28 जनवरी को तीन बजे से छह बजे तक की शिफ्ट में बी-आर्किटेक्चर (BArch) और बी प्लानिंग (BPlanning) के लिए परीक्षा होगी। इस प्रकार कुल 13 शिफ्ट में जेईई मेन जनवरी परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए कुल 9.15 लाख विद्यार्थी रजिस्टर्ड हो चुके हैं। जेईई मेन परीक्षा के प्रवेश पत्र (JEE Main Exam Admit Card 2023) आजकल में जारी किए जा सकते हैं, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपना परीक्षा केंद्र एवं परीक्षा स्लॉट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।