देशभर में इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए JEE MAINS 2020 की परीक्षा कल यानि 1 सितंबर से शुरू हो रही है। इस परीक्षा में 8.67 लाख से भी ज्यादा छात्र शामिल होंगे। इसी बीच परीक्षा का आयोजन कराने वाली एजेंसी (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने कोरोना वायरस को देखते हुए छात्रों के लिए एसओपी यानि स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर जारी किए हैं। साथ ही परीक्षा हॉल में छात्रों के लिए जरूरी सामान साथ ले जाने वाली वस्तुओं की लिस्ट भी जारी की है। मालूम हो कि एनटीए ने इस बार चार पेजों का एडमिट कार्ड जारी किया है। जिसमें एक डेक्लेरेशन फॉर्म भी है। छात्रों को इसे भरने के बाद ही परीक्षा हॉल में जाने की अनुमति दी जाएगी।
NTA की तरफ से जारी एडवाइजरी
भीड़ से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से करना होगा। इसके लिए छात्रों को एडमिट कार्ड में दिए गए समयानुसार ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परिसर में कम से कम 6 फीट की दूरी रखना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद उम्मीदवारों के शरीर के तापमान की जांच की जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र से उपलब्ध तीन लेयर वाले मास्क ही इस्तेमाल करने होंगे।