जेईई एडवांस्ड 2025 में दो पेपर शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के प्रश्न हैं। दोनों पेपर अनिवार्य हैं और तीन घंटे तक चलते हैं। ये पेपर उम्मीदवारों की समझ, तर्क और विश्लेषणात्मक क्षमता का मूल्यांकन करते हैं।
तीन बार दे सकेंगे एग्जाम
आईआईटी कानपुर ने हाल में ही जेईई एडवांस्ड के लिए प्रयासों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन कर दी है। नए दिशानिर्देशों के अनुसार, उम्मीदवारों को अब लगातार तीन वर्षों के भीतर अधिकतम तीन बार जेईई एडवांस्ड का प्रयास करने की अनुमति होगी। पहले, प्रयासों की संख्या लगातार दो वर्षों के भीतर दो तक सीमित थी।
उम्मीदवारों को जेईई मेन 2025 के बीई/बी.टेक. पेपर (पेपर I) में शीर्ष 2,50,000 सफल उम्मीदवारों में से एक होना चाहिए। आरक्षण मानदंड के मुताबिक, अनारक्षित-ईडब्ल्यूएस के लिए 10%, ओबीसी-एनसीएल के लिए 27%, एससी के लिए 15%, एसटी के लिए 7.5% और शेष 40.5% सभी के लिए खुला है। उम्मीदवार ध्यान दे, इन पांच श्रेणियों में से प्रत्येक के भीतर, दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 5% हॉरिजोंटल आरक्षण उपलब्ध है।
जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्तूबर 2000 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी गई है। इस प्रकार, इन उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्तूबर 1995 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए।