JEE Advanced 2025 Objection Window: आईआईटी कानपुर कल जेईई एडवांस्ड की उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के उपलब्ध चुनौती विंडो को बंद करने वाला है। उम्मीदवार 27 मई शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करके उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर डालकर लॉग इन करना होगा।
आईआईटी कानपुर ने अधिसूचना में बताया कि "जेईई एडवांस्ड 2025 की प्रोविजनल आंसर की पर फीडबैक 26 मई से 27 मई शाम 5 बजे तक सबमिट किया जा सकता है। ईमेल या किसी अन्य माध्यम से फीडबैक स्वीकार नहीं किया जाएगा।"
18 मई को हुई थी परीक्षा
जेईई एडवांस्ड परीक्षा 2025 का आयोजन 18 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा दो सत्रों में तीन घंटे के लिए आयोजित की गई थी। पेपर 1 सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और पेपर 2 दोपहर 2.30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया गया था। इस वर्ष के प्रश्नपत्रों में बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs), एक से अधिक सही उत्तर वाले प्रश्न (MSQs) और संख्यात्मक उत्तर वाले प्रश्न शामिल थे। पेपर 1 और पेपर 2 दोनों में तीन खंड भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित सम्मिलित थे। जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा में करीब 1.87 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए।
मार्किंग स्कीम
जेईई एडवांस्ड पेपर में 1 से 4 अंकों तक के प्रश्न होते हैं, जिनमें गलत उत्तरों पर -1 या -2 की निगेटिव मार्किंग भी लागू होती है। उम्मीदवार अपनी रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स और आंसर की की मदद से संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।
कैसे दर्ज करें आपत्ति?
उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाएं।
- "JEE Advanced 2025 उत्तर कुंजी चुनौती" लिंक पर क्लिक करें।
- अपनी आवेदन संख्या और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
- उस प्रश्न का चयन करें, जिसके उत्तर पर आपत्ति दर्ज करनी है।
- निर्धारित आपत्ति शुल्क का भुगतान करें और अंत में पुष्टि पृष्ठ (confirmation page) डाउनलोड करें एवं सुरक्षित रखें।